
PM Modi Donald Trump News: दिवाली के खास मौके पर पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई है. दिवाली का बधाई संदेश के लिएपीएम मोदी ने डोनाल्ड ट्रंप को धन्यवाद कहा है. दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने दिवाली का बधाई संदेश देने के लिए भारत फोन घुमाया और पीएम मोदी से बातचीत की. इस बातचीत के दौरान उन्होंने दिवाली की बधाई दी. अब खुद पीएम मोदी ने इस बातचीत को कन्फर्म कर दिया है.
पीएम मोदी ने एक्स पर इस बातचीत की जानकारी दी है. उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को टैग कर कहा, ‘आपके फोन कॉल और दिवाली की हार्दिक शुभकामनाओं के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आपको धन्यवाद. इस प्रकाश पर्व पर हमारी दोनों महान लोकतांत्रिक राष्ट्र आशा की किरण बनकर विश्व को प्रकाशित करें और हर प्रकार के आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहें.’
दिवाली समारोह के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि दोनों नेताओं ने व्यापार पर चर्चा की और पाकिस्तान के साथ युद्ध न होने की बात भी की, क्योंकि व्यापार शामिल है. डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को महान और बहुत अच्छा दोस्त बताया. ट्रंप ने कहा कि पीएम मोदी एक महान व्यक्ति हैं और कुछ सालों में पीएम मोदी से उनकी गहरी दोस्ती हुई है. डोनाल्ड ट्रंप ने दीप जलाकर विधिवत रूप से दिवाली समारोह का आगाज किया.
ट्रंप ने क्या कहा?
दिवाली समारोह के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘मैं भारत के लोगों से प्यार करता हूं. हम अपने देशों के बीच कुछ बेहतरीन समझौतों पर काम कर रहे हैं. मैंने आज प्रधानमंत्री मोदी से बात की और हमारे बीच बहुत अच्छे संबंध हैं. वह रूस से अधिक तेल नहीं खरीदेंगे. वह भी मेरी तरह ही उस युद्ध को ख़त्म होते देखना चाहते हैं. वह रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को खत्म होते देखना चाहते हैं. वे बहुत अधिक तेल खरीदने नहीं जा रहे हैं. इसलिए उन्होंने इसमें काफी कटौती कर दी है, और वे इसमें लगातार कटौती करते जा रहे हैं…’ अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने वाइट हाउस में दिवाली समारोह के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप का आभार जताया.
दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वाइट हाउस में मंगलवार को दिवाली मनाई. ट्रंप ने वाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी के साथ फोन पर बातचीत का जिक्र किया था. ट्रंप ने समारोह में पीएम मोदी को अपना महान मित्र बताते हुए कहा, ‘मोदी जी रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करना चाहते हैं और रूस से तेल खरीदना कम कर देंगे.’ ट्रंप ने वाइट हाउस में दीप जलाकर दिवाली समारोह का आगाज किया.




